– मनपा बैठक में विकास के कई बड़े प्रस्ताव, 90 लाख के प्रदूषण नियंत्रण उपकरण
नागपुर :- शहर में प्रदूषण नियंत्रण, महिला सशक्तीकरण और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने से जुड़े प्रस्ताव गुरुवार, 26 नवंबर को होने वाली नागपुर महानगरपालिका की स्थायी समिति की बैठक में रखे जाएंगे। सुबह 11 बजे मनपा मुख्यालय स्थित स्थायी समिति सभागृह में होने वाली इस बैठक में करीब 90 लाख रुपए की लागत से तीन दहनघाटों पर प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाने और 80 लाख रुपए से जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराने के प्रस्ताव प्रमुख हैं। इसके साथ ही शहर के छह विधानसभा क्षेत्रों में स्पर्धा परीक्षा मार्गदर्शन केंद्र शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा।
बैठक में हुड़केश्वर में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज लाइन बिछाने, धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस के दौरान श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए 600 अस्थायी शौचालयों के रखरखाव और अन्य खर्चों को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा धरमपेठ जोन में कुओं की सफाई, लक्ष्मीनगर जोन में सीवेज लाइन बिछाने और विभिन्न क्षेत्रों में सीमेंट सड़क निर्माण जैसे विकास कार्यों पर चर्चा होगी।
तीन दहनघाटों पर प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था
मनपा अंबाझरी, वाठोड़ा और वैशालीनगर स्थित तीन दहनघाटों पर लगभग 90 लाख रुपए खर्च कर वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाएगी। प्रत्येक दहनघाट पर करीब 29.97 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इन उपकरणों से लकड़ी से अंतिम संस्कार के दौरान निकलने वाले धुएं और कार्बन उत्सर्जन को कम करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए बंद शेड, चिमनी और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
शहर के सभी श्मशान घाटों पर लकड़ी से अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध है। वहीं, अंबाझरी, सहकारनगर, मोक्षधाम, मानकापुर, मानेवाड़ा और गंगाबाई घाट पर ब्रिकेट से शवदहन की सुविधा भी है। नाग नदी प्रदूषणमुक्त अभियान के तहत मोक्षधाम में शहर का पहला इलेक्ट्रिक श्मशान घाट भी विकसित किया जा रहा है।
जरूरतमंद महिलाओं को 80 लाख की सिलाई मशीनें
मनपा के समाज विकास विभाग ने गरीब, जरूरतमंद, विधवा, परित्यक्ता और तलाकशुदा महिलाओं को सिलाई मशीनें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस योजना के लिए करीब 80 लाख रुपए के खर्च को मंजूरी के लिए स्थायी समिति के समक्ष रखा जाएगा। एक सिलाई मशीन की अनुमानित कीमत 14,602 रुपए है।
पहले इस योजना के तहत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से महिलाओं के बैंक खातों में राशि जमा की जाती थी। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई महिलाओं को मशीन खरीदने में परेशानी होती थी। इसे देखते हुए अब मनपा स्वयं मशीनें खरीदकर लाभार्थियों को उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है।
छह विधानसभा क्षेत्रों में खुलेंगे मार्गदर्शन केंद्र
युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर के छह विधानसभा क्षेत्रों में स्पर्धा परीक्षा मार्गदर्शन केंद्र शुरू करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को मार्गदर्शन देने की योजना है।






