– हुडकेश्वर पुलिस ने की बड़ी, 24.50 लाख का माल बरामद
नागपुर :- हुड़केश्वर पुलिस ने सेंधमारी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में हुई 9 सेंधमारी की घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 24 लाख 50 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे से 9 अगस्त की दोपहर 1 बजे के बीच हुडकेश्वर थाना क्षेत्र के सौभाग्य नगर, कविता कॉटेज मार्गो निवासी अंजली अरुण राव सातफले (40) अपने घर को ताला लगाकर परिवार के साथ म्हालगी नगर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी से सोने के विभिन्न आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए माल की कीमत करीब 7 लाख 92 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर हुड़केश्वर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में जयंती मैदान के पास, रामबाग, गोलाई चौकी के पास, इमामबाड़ा, नागपुर निवासी शुभम उर्फ बिट्टू दिनेश मसराम (19) तथा जयंती मैदान, रामबाग, इमामबाड़ा, नागपुर निवासी वेदांत नथुजी गावंडे (20) को हिरासत में लिया। इसके साथ ही एक नाबालिग बालक को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उपरोक्त वारदात के साथ हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी सेंधमारी करने की बात स्वीकार की। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कुल 9 सेंधमारी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी दी। आरोपियों के कब्जे से सोने के विभिन्न आभूषण, सोने की लगड़ तथा चांदी का सामान बरामद किया गया। बरामद माल में करीब 200 ग्राम सोना और 300 ग्राम चांदी शामिल है, जिसकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। इसी तरह पुलिस थाने में दर्ज एक अन्य सेंधमारी के मामले में आरोपी वकीलपेठ, नागपुर निवासी युगल उर्फ अभिषेक बंडुजी चन्नोडे (25) को भी हिरासत में लिया गया। उसके कब्जे से सेंधमारी के मामले में चोरी किया गया करीब 30 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद किया गया।
इस प्रकार हुडकेश्वर पुलिस ने सेंधमारी के 9 मामलों का पर्दाफाश करते हुए कुल 24 लाख 50 हजार रुपये का माल बरामद किया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है तथा आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।





