– नाशिक के येवला में सनसनीखेज वारदात, लोगों में दहशत
नाशिक :- नाशिक जिले के येवला तहसील से एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है. देवलाने स्थित बोराडे वस्ती में अज्ञात व्यक्ति ने रात में सो रहे एक किसान दंपति पर एसिड फेंक दिया. इस हमले में किसान भाऊसाहेब बोराडे और उनकी पत्नी कांता बोराडे गंभीर रूप से झुलस गए हैं. दोनों का इलाज येवला के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
भाऊसाहेब बोराडे और उनकी पत्नी कांता बोराडे रोज की तरह रात में अपने घर की छत पर सो रहे थे. इसी दौरान मध्यरात्रि के आसपास किसी अज्ञात व्यक्ति ने अचानक उनके ऊपर एसिड फेंक दिया. इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार जारी है. इस घटना से पूरे येवला तहसील में हड़कंप मच गया है और लोगों में भय का माहौल है.
घटना की जानकारी मिलते ही नाशिक के पुलिस अधीक्षक डॉ. डीएस स्वामी अस्पताल पहुंचे और घायल दंपति की स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान मनमाड विभाग के उपविभागीय पुलिस अधिकारी बाजीराव महाजन और येवला पुलिस निरीक्षक संदीप मंडलिक भी मौजूद थे. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है. फिलहाल हमले के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस व्यक्तिगत रंजिश या अन्य किसी कारण की संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है और उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.