– हाईकोर्ट के आदेशों के तहत सख्ती, वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करने की अपील
नागपुर :- शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए महानगरपालिका ने अनधिकृत विज्ञापन बोर्ड, बैनर, पोस्टर, कटआउट, स्वागत द्वार और होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मनपा ने नागरिकों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति विज्ञापन सामग्री नहीं लगाने की अपील की है।
राज्य विधानमंडल का शीतकालीन अधिवेशन 7 दिसंबर 2026 से नागपुर में शुरू होने जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक शहर में पहुंचेंगे। इसे देखते हुए सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत विज्ञापन सामग्री लगाने पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मनपा उपायुक्त मिलिंद मेश्राम ने नागरिकों से अनधिकृत विज्ञापनों की शिकायत मनपा की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज कराने का आग्रह किया है।
होगी कानूनी कार्रवाई
मनपा के अनुसार, शहर में सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक या व्यावसायिक उद्देश्यों से बिना अनुमति बैनर, पोस्टर, होर्डिंग, कटआउट, तोरण और पताकाएं लगाना प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति, संस्था, राजनीतिक दल अथवा जिस व्यक्ति या संगठन के प्रचार के लिए विज्ञापन लगाया गया है, उसकी जिम्मेदारी निर्धारित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई मुंबई उच्च न्यायालय की जनहित याचिका क्रमांक 155/2011 तथा नागपुर खंडपीठ में दायर अवमानना याचिकाओं के आदेशों के अनुरूप की जाएगी। इसके अलावा महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम की धारा 245, महाराष्ट्र महानगरपालिका (स्काई साइन एवं विज्ञापन प्रदर्शन का विनियमन और नियंत्रण) नियम, 2022 तथा महाराष्ट्र संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 1995 के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
मनपा ने स्पष्ट किया है कि सड़क, फुटपाथ, बिजली के खंभों, ट्रैफिक सिग्नल, ट्रैफिक आइलैंड और मेट्रो के पिलरों सहित किसी भी सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति विज्ञापन सामग्री नहीं लगाई जा सकती। विज्ञापन प्रदर्शित करने के लिए केवल मनपा से अधिकृत स्थानों और विज्ञापन बोर्डों का ही उपयोग करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित सामग्री हटाने के साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वेबसाइट पर दर्ज करें शिकायत
नागरिक अपने क्षेत्र में अनधिकृत बैनर, पोस्टर या होर्डिंग दिखाई देने पर नागपुर महानगरपालिका की आधिकारिक वेबसाइट www.nmcnagpur.gov.in, https://www.nmcnagpur.gov.in/ पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वेबसाइट पर संबंधित जोन के नोडल अधिकारियों, सहायक आयुक्तों और वार्ड अधिकारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध हैं। नागरिक संबंधित जोन के सहायक आयुक्त से भी शिकायत कर सकते हैं।
मनपा ने शहर की सुंदरता बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।






