– सुभाषनगर मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस ने दबोचा
नागपुर :- नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र से दो साल के लिए तड़ीपार किए गए एक आरोपी को प्रतापनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्र में घूम रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 142 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को रात करीब 9.40 बजे प्रतापनगर थाने की जांच टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सुभाषनगर मेट्रो स्टेशन के पास एक तड़ीपार आरोपी घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान गली नंबर 9, संत तुकड़ोजी नगर, कामगार नगर, नागपुर निवासी अंकुश उर्फ डिज्जू उर्फ राजकुमार किशोर जमरे (30) के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि पुलिस उपायुक्त, परिमंडल क्रमांक 1 ने 20 सितंबर 2025 के आदेश के तहत आरोपी को नागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र से दो वर्ष के लिए तड़ीपार किया था। इसके बावजूद वह बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्र में मौजूद मिला। पुलिस ने आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।








