spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

चोरी के माल के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

– गिट्टीखदान पुलिस की कार्रवाई, कार सहित 16.46 लाख का माल जब्त

नागपुर :- गिट्टीखदान पुलिस ने गोरेवाड़ा बस्ती क्षेत्र में एक चारपहिया वाहन में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चाकू, चोरी का घरेलू सामान और इनोवा कार सहित कुल 16 लाख 46 हजार रुपये का माल जब्त किया है। आरोपियों ने बरामद सामान भंडारा से चोरी करने की बात बताई है।

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को तड़के करीब 4.30 बजे गिट्टीखदान पुलिस की जांच टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोरेवाड़ा बस्ती में एक चारपहिया वाहन में चार लोग संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने वाहन रोककर उनकी तलाशी ली। इस दौरान एक लोहे का चाकू और वाहन से दो टीवी, होम थिएटर, लैपटॉप, गेम प्ले स्टेशन, चांदी के विभिन्न बर्तन, दो पानी की मोटर और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने सामान के संबंध में पूछताछ की तो आरोपियों ने इसे भंडारा से चोरी करने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोदावरी झोपड़पट्टी, श्याम लॉन के पास, रोज कॉलोनी, नागपुर निवासी इमरान अल्ताफ खान (28), जयंत सतीश कांबले (26) और आकाश सदराम धुर्वे, दोनों परसोडी, केलोद, तह.सावनेर निवासी तथा राहुल नगर, न्यू बुद्ध विहार के पास, सोमलवाड़ा, नागपुर निवासी निखिल दिनेश कैथवास (26) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सामान के साथ सफेद रंग की इनोवा कार क्रमांक एमएच 48/ एफ 0997 भी जब्त की है। जब्त माल की कुल कीमत 16.46 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में गिट्टीखदान पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम की धाराओं 4 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं 124 और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त विनिता शाहू, पुलिस उपायुक्त अन्नपूर्णा सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी गायकवाड़ के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सारंग मिराशी, अपराध पुलिस निरीक्षक देवाजी नरोटे, सहायक पुलिस निरीक्षक बालाजी लालपालवाले, पुलिस उपनिरीक्षक खुशाल राठौड़ तथा टीम ने की।

Popular Articles