spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

ठंड का असर, गिरने लगा पारा

नागपुर :- दिन में धूप की तपिश और रात में ठंड का एहसास… उपराजधानी में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने से लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है। मंगलवार को नागपुर का न्यूनतम तापमान गिरकर 14.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। इसके साथ ही नागपुर विदर्भ का दूसरा सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया। मौसम के बदलते रुख को देखते हुए दिसंबर में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। सोमवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई। वहीं, न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण दोपहर में हल्की गर्मी, जबकि रात और सुबह के समय ठंड महसूस की जा रही है। रात के वक्त कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर हाथ सेंकते भी नजर आने लगे हैं।

दिसंबर में बढ़ सकती है ठंड

नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ही न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होने से सर्दी का असर बढ़ने लगा है। फिलहाल दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन रात और सुबह का मौसम सर्द बना हुआ है। दिसंबर की शुरुआत के साथ तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में उपराजधानी के नागरिकों को ठंड के लिए तैयार रहना होगा

Popular Articles