spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहे रॉकेट और स्काई शॉट

– कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

 नागपुर :- लक्ष्मी पूजन के दिन महज 24 घंटे के भीतर आगजनी की 42 घटनाएं सामने आने के बाद नागपुर महानगरपालिका के शहरी आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाते हुए पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर के आदेश के अनुसार, 30 नवंबर तक इमारतों की छतों, बालकनियों, घनी बस्तियों, बाजारों और पार्किंग क्षेत्रों में रॉकेट, स्काई शॉट तथा हवा में उड़ने वाले पटाखों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी। हालांकि, प्रशासन के इस आदेश के बावजूद शहर में इन पटाखों की खुलेआम बिक्री जारी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब बाजार में प्रतिबंधित पटाखे आसानी से उपलब्ध हैं, तो हादसों पर रोक कैसे लगेगी?

प्रशासन ने पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने का आदेश तो जारी कर दिया, लेकिन इसकी प्रभावी निगरानी और अमल की जिम्मेदारी किस विभाग की होगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। शहर के थोक बाजारों से लेकर गली-मोहल्लों की खुदरा दुकानों तक रॉकेट और स्काई शॉट की बिक्री होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके बावजूद प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री रोकने के लिए छापेमारी, जब्ती और विक्रेताओं के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है।

ऐसे में सवाल यह है कि जब प्रशासन को इन पटाखों से होने वाले खतरे का अंदाजा है, तो बिक्री करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? केवल आदेश जारी करना पर्याप्त नहीं है। प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों को बाजारों में जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी।

बिक्री पर रोक लगेगी, तभी थमेगी आतिशबाजी

आतिशबाजी के दौरान कोई दुर्घटना होने पर अक्सर कार्रवाई का केंद्र पटाखे चलाने वाले आम नागरिक बनते हैं। लेकिन प्रतिबंधित पटाखों की खुलेआम बिक्री करने वाले विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं की जवाबदेही भी तय होना जरूरी है। जब बाजार में पटाखे उपलब्ध रहेंगे, तो लोग उन्हें खरीदेंगे और उनका इस्तेमाल भी करेंगे। ऐसे में केवल इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने से अपेक्षित परिणाम हासिल करना मुश्किल है।

पंचमी पर आतिशबाजी की आशंका

पंचमी के अवसर पर व्यापारी वर्ग की ओर से बड़े पैमाने पर आतिशबाजी किए जाने की परंपरा रही है। माना जा रहा है कि इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने नया आदेश जारी किया है। हालांकि, शहर में यदि प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई, तो उनके इस्तेमाल को नियंत्रित करना भी मुश्किल होगा। ऐसे में आगजनी की घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन को समय रहते बिक्री और भंडारण पर कार्रवाई कर अपने आदेश को जमीन पर लागू करना होगा।

Popular Articles