– CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
नागपुर :- शहर के जरीपटका थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। राहुल नगर-समतानगर रोड पर विकास धान्य भंडार के सामने छह पहिया वाहन की टक्कर से करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक घटनास्थल से वाहन लेकर फरार हो गया था।
घटना 9 नवंबर की शाम करीब 7:31 बजे की है। जरीपटका पुलिस के बिट मार्शल को नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि राहुल नगर-समतानगर रोड पर एक व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसमें छह पहिया वाहन क्रमांक एमएच-40/सीडी-4587 के चालक समतानगर, जरीपटका निवासी आकाश देवराव राऊत (33) को तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए व्यक्ति को टक्कर मारकर फरार होते देखा गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने दुर्घटना करने की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। शव को आगे की कार्रवाई के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया है। इस मामले में जरीपटका पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।




