spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

आषाढ़ी यात्रा: 5,500 विशेष बसें चलाएगा एसटी महामंडल

– 40 यात्रियों के समूह को गांव से सीधे पंढरपुर तक मिलेगी सेवा

पंढरपुर :- आषाढ़ी यात्रा के अवसर पर श्री विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) ने इस वर्ष 5,500 विशेष बसें चलाने की योजना बनाई है। परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने चंद्रभागा बस स्‍टैंड, पंढरपुर में अधिकारियों की बैठक के दौरान इसकी जानकारी दी।

बैठक में एसटी महामंडल के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. माधव कुसेकर, पंढरपुर नगराध्यक्ष प्रणिता भालके तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्रताप सरनाईक ने बताया कि यदि राज्य के किसी भी गांव से 40 या उससे अधिक श्रद्धालु समूह बुकिंग कराते हैं, तो उस गांव से सीधे पंढरपुर तक विशेष एसटी बस उपलब्ध कराई जाएगी। इन विशेष बसों में भी सरकार की सभी यात्री रियायतें लागू रहेंगी। ‘अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना’ के तहत 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क यात्रा सुविधा मिलेगी, जबकि ‘महिला सम्मान योजना’ के अंतर्गत महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने निकटतम एसटी डिपो में संपर्क कर विशेष बसों की अग्रिम बुकिंग कराने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बसों की नियमित सफाई, सैनिटाइजेशन और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा बसों पर ‘आषाढ़ी यात्रा विशेष बस सेवा’ का बोर्ड लगाया जाए। चालक और परिचालकों के स्वास्थ्य परीक्षण की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन मंत्री ने कहा कि एकादशी के दिन वापसी के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मार्गवार अलग-अलग कतारों की व्यवस्था कर यात्रियों को व्यवस्थित रूप से बसों में बैठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष आषाढ़ी यात्रा के दौरान एसटी ने 5,145 विशेष बसों के माध्यम से 21.95 लाख श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा कराई थी। इस वर्ष इससे भी अधिक बेहतर और सूक्ष्म योजना तैयार की गई है। यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए 36 से अधिक यातायात नियंत्रक और सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा पंढरपुर और आसपास चंद्रभागा, भीमा (देगांव), विठ्ठल कारखाना और पांडुरंग (आईटीआई कॉलेज) में चार अस्थायी बस स्टैंड बनाए जाएंगे। यहां पेयजल, शौचालय, कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र, पूछताछ कक्ष, मार्गदर्शन फलक और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

आषाढ़ी वारी के दौरान दिन-रात सेवा देने वाले एसटी महामंडल के लगभग 13 हजार कर्मचारियों-चालक, परिचालक, मैकेनिक, पर्यवेक्षक और अधिकारियों के लिए चाय, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक अपने निजी खर्च से कर रहे हैं। हर वर्ष आषाढ़ी यात्रा के दौरान लगभग 18 से 20 लाख वारकरी श्रद्धालु पंढरपुर पहुंचते हैं। ऐसे में इस बार भी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एसटी महामंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं।

Popular Articles