– एनएचआरसी ने रेलवे को भेजा नोटिस, नहीं परोसा जाएगा नॉन-वेज खाना
देश के रेलवे यात्रियों के भोजन विकल्पों को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ट्रेनों में परोसे जाने वाले नॉन-वेज खाने से जुड़ी शिकायत ने अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी दखल देने पर मजबूर कर दिया है। यात्रियों के धार्मिक अधिकारों, आस्था और समान अवसरों से जुड़े इस मामले पर आयोग ने गंभीर रुख अपनाया है और भारतीय रेलवे से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भारतीय रेलवे को नोटिस जारी करते हुए पूछताछ शुरू कर दी है। एक यात्री द्वारा दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ट्रेनों में मांसाहारी भोजन के तौर पर केवल हलाल-प्रोसेस्ड मांस उपलब्ध कराया जाता है, जिससे अन्य धार्मिक समूहों और कुछ जातियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। आयोग ने मामले को मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत संज्ञान में लेते हुए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से दो सप्ताह के भीतर विस्तृत एक्शन टेकेन रिपोर्ट जमा करने का आदेश दिया है।




