– रैपिडो ड्राइवर के खाते से 331 करोड़ रु. का ट्रांजेक्शन
जयपुर :- राजस्थान के उदयपुर मे हुई एक रॉयल वेडिंग को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। टीम ने एक रैपिडो ड्राइवर के बैंक खाते से 331 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन पकड़ा है। ड्राइवर के खाते से इतने बड़े अमाउंट के लेन-देन को मनी लॉन्ड्रिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। जांच में सामने आया है कि पूरी रकम का इस्तेमाल उदयपुर की होटल ताज अरावली में हुई एक शादी में हुआ था। 19 अगस्त 2024 से 14 अप्रैल 2025 के बीच रैपिडो ड्राइवर के खाते में 331.36 करोड़ रुपए जमा हुए और फिर तुरंत आगे भेज दिए गए। दरअसल, ईडी को जब कई संदिग्ध खातों का जांच की तो सामने आया कि यह मनी ट्रेल एक बेटिंग एप से हुआ। जब ईडी ने रैपिडो ड्राइवर से पूछताछ की तो उसने इस बड़ी रकम के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है। उसने बताया कि कभी भी उसने किसी को खाता चलाने की अनुमति नहीं दी। उसके पास तो घर चलाने तक के पैसे नहीं है। पैसे की किल्लत की वजह से वह घर की मरम्मत नहीं करा पा रहा है। ड्राइवर ने बताया- वह बैंक एप का भी नियमित इस्तेमाल नहीं करता था। डेकोरेशन, होटल बुकिंग व वेंडर पेमेंट में पैसे खर्च किए
ईडी की जांच में सामने आया कि ये पूरा मनी ट्रेल 1एक्सबेट नाम के एक एप के जरिए किया गया है। इस एप से जुड़े लोगों ने अपना काला धन सुरक्षित तरीके से घुमाने के लिए उस ड्राइवर के बैंक खाते को म्यूल अकाउंट की तरह इस्तेमाल किया गया। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं जिनका इस्तेमाल अपराधी गैरकानूनी पैसों को इधर-उधर घुमाने (मनी लॉन्ड्रिंग) के लिए करते हैं। करीब 331 करोड़ के अमाउंट का इस्तेमाल रॉयल शादी में डेकोरेशन, होटल बुकिंग और वेंडर पेमेंट में किया गया है।




