– पुलिस ने एक पीड़िता को मुक्त कराया, 1.22 लाख रुपये का माल जब्त
नागपुर/रामटेक :- रामटेक पुलिस ने हिवरा रोड स्थित नेचर हिल्स लॉजिंग एंड रेस्टोरेंट में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक पीड़िता को मुक्त कराया। कार्रवाई में मोबाइल फोन, नकद राशि सहित करीब 1 लाख 22 हजार 150 रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधी पुतला के पास, टाकली भंसाली, तह.सावनेर, जि.नागपुर निवासी शुभम चंद्रभान ठाकुर (25) अपने आर्थिक लाभ के लिए महिलाओं को प्रलोभन देकर अनैतिक गतिविधियों में धकेल रहा है और नेचर हिल्स लॉजिंग एंड रेस्टोरेंट में इसके लिए जगह उपलब्ध करा रहा है। सूचना के आधार पर रामटेक पुलिस ने लॉजिंग एंड रेस्टोरेंट में छापा मारा। मौके पर शुभम ठाकुर मिला। पूछताछ में उसके द्वारा खुद को प्रतिष्ठान का मालिक बताए जाने की जानकारी पुलिस ने दी। पंचों की मौजूदगी में परिसर की जांच के दौरान एक पीड़िता मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्थिक लाभ के लिए उसे रामटेक बुलाकर अनैतिक गतिविधि के लिए प्रेरित किया था। पुलिस ने मौके से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 1,890 रुपये नकद तथा अन्य सामग्री जब्त की। पीड़िता को मुक्त कर दिया गया। इस मामले में रामटेक पुलिस थाने में आरोपी शुभम चंद्रभान ठाकुर के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।





