– दो मामलों का खुलासा, 2.39 लाख का माल बरामद
नागपुर :- गिट्टीखदान पुलिस ने चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किये गये सोने-चांदी के आभूषण और एक चोरी की दोपहिया वाहन सहित कुल 2.39 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गायत्री कॉलोनी, हजारीपहाड़ निवासी धम्मशील नंदकिशोर शामकुंवर (40) अपने परिवार के साथ पुणे गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और लोहे की अलमारी में रखे 6,500 रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण, कुल 3.48 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर गिट्टीखदान थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विजय नगर, कलमना निवासी सागर उर्फ भांजा अशोक वर्मा (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। साथ ही उसने पांचपावली थाना क्षेत्र से एक दोपहिया वाहन चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.31 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण तथा 30 हजार रुपये कीमत की चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किया। इस प्रकार कुल 2.39 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। पुलिस जांच में आरोपी से दो अपराधों का खुलासा हुआ है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।





