spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

मुंबई में सीएनजी का संकट, गैस स्टेशनों पर लंबी कतार

– मनमाना किराया वसूल रहे ऑटो, कैब की किल्लत

मुंबई :- मुंबई और आसपास के इलाकों में सीएनजी आपूर्ति का संकट मंगलवार को भी जारी रहा। शहर के ज्यादातर सीएनजी गैस स्टेशनों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी-लंबी कतारें दिखीं। कई ऑटो और टैक्सी चालकों को अपनी गाड़ी में गैस भरवाने के लिए तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा, जबकि आम दिनों में यह काम 15 मिनट या आधे घंटे में हो जाता है। महाराष्ट्र गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने बताया कि रविवार को गेल की एक मुख्य गैस पाइपलाइन को ‘थर्ड पार्टी’ से हुए नुकसान के कारण गैस सप्लाई बाधित हो गई। यह पाइपलाइन राष्ट्र्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स (आरसीएफ) के परिसर में क्षतिग्रस्त हुई। इसी पाइपलाइन से एमजीएल के वडाला में मौजूद सिटी गेट स्टेशन को गैस मिलती है, जो मुंबई में सीएनजी की आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है। सोमवार शाम तक मुंबई महानगर क्षेत्र के कुल 389 में से करीब 225 पंप (लगभग 60फीसदी ) ही काम कर रहे थे। कंपनी ने कहा था कि मरम्मत का काम तेजी से जारी है और मंगलवार दोपहर तक सप्लाई पूरी तरह बहाल होने की उम्मीद है। ताड़देव सीएनजी पंप पर लाइन में खड़े टैक्सी ड्राइवर सिताराम राजक ने बताया, ‘मैं सुबह चार बजे से लाइन में हूं। न जाने कब तक गैस मिलेगी। इतनी लंबी कतार कभी नहीं देखी।’ कई ड्राइवरों ने कहा कि कम सीएनजी उपलब्ध होने की वजह से वे सुबह जल्दी गैस भरवाकर ज्यादा कमाई करना चाहते थे, क्योंकि सड़क पर कम टैक्सियां चल रही थीं।

Popular Articles