– संचालक सदस्य भी जांच के घेरे में, शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सवाल
सावनेर :- तहसील के केलोद स्थित चर्चित कमांडो आर्मी पुलिस करियर एकेडमी सैनिक स्कूल के संचालक सावनेर निवासी हरिश्चंद्र राणे (38) को नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद अब एकेडमी पर भी कार्रवाई की गई है। 17 अगस्त को राणे को नागपुर सेंट्रल जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
केलोद के थानेदार आशीष सिंह ठाकुर के अनुसार, एकेडमी के संचालक के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। एकेडमी में करीब 70 छात्र रहते थे, जिनमें तीसरी से आठवीं कक्षा तक के 21 छात्र शामिल थे। इन छात्रों का किसी अन्य स्कूल में प्रवेश नहीं कराया गया था। केलोद पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, जून 2026 की एक रात एक नाबालिग छात्रा को एकेडमी के कार्यालय के पीछे बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की गई। इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
घटना के बाद एकेडमी के संचालन और वहां उपलब्ध सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि यदि संस्था के पास आवश्यक मान्यता या लाइसेंस नहीं था, तो वह इतने वर्षों से किसकी अनुमति या संरक्षण में संचालित हो रही थी।
शिक्षा विभाग और पुलिस ने लगाया बंद का बोर्ड
22 अगस्त को शिक्षा विभाग और केलोद पुलिस की ओर से एकेडमी परिसर में स्कूल बंद होने का बोर्ड लगाया गया। इसके साथ ही कार्यालय पर ताला भी लगा दिया गया है। कार्रवाई के बाद अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि ओम साईं कल्याणकारी शिक्षा संस्थान से जुड़े अन्य सदस्यों के खिलाफ शिक्षा विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाएगी। मामले में पीड़ितों और अभिभावकों की नजर अब शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर है।
अकादमी के अन्य सदस्यों से होगी पूछताछ
सावनेर के गट शिक्षा अधिकारी अभिजीत कावले ने बताया कि एकेडमी के खिलाफ बंद का बोर्ड लगाया गया है। शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशानुसार संस्थान के अन्य सदस्यों की भी जांच की जाएगी।





