– नप प्रशासन और भूखंड मालिक के खिलाफ शिकायत
कोंढाली :- कोंढाली शहर के प्रभाग 17 में घटित एक हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. यहां तीन वर्षीय लाभांश कुलदीप चंदनखेड़े की एक खुले और असुरक्षित शोष गड्ढे में गिरने से मौत हो गई. इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है, जिसके चलते अब स्थानीय नगरसेवक और निजी भूखंड मालिक के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई है. जानकारी अनुसार, यह हादसा 26 अप्रैल की शाम करीब 6 से 8 बजे के बीच हुआ. लाभांश अपने घर के बाहर बने मैदान में खेल रहा था. खेलते-खेलते वह पास ही स्थित एक निजी भूखंड पर पहुंच गया, जहां एक गहरा गड्डा खोदा गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह गड्डा पानी और कीचड़ से लबालब भरा था और इसे ढका नहीं गया था. गड्ढे में गिरते ही मासूम गहरे कीचड़ में फंस गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई. जब काफी देर तक लाभांश घर नहीं लौटा, तो पिता कुलदीप चंदनखेड़े और पड़ोसियों ने उसकी खोजबीन शुरू की. तलाश के दौरान लाभांश उसी गड्ढे में मिला. उसे तुरंत गड्ढे से निकालकर स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे नागपुर भेजा. दुर्भाग्यवश, नागपुर के निजी अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिसिया कार्रवाई और उठते सवाल
इस लापरवाही ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है. मासूम की जान जाने से आक्रोशित परिजनों ने सीधे तौर पर प्रभाग क्र. 17 के नगरसेवक और संबंधित भूखंड मालिक को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा गया है कि आवासीय क्षेत्र में बिना किसी सुरक्षा घेरे के इतना गहरा गड्डा क्यों छोड़ा गया. गड्ढे को ढकने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया? प्रशासन ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई क्यों नहीं की. फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. मासूम के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. गांव में पसरे मातम के बीच अब दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो समय रहते प्रशासन ने इन खुले गड्डों पर संज्ञान लिया रही है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि होता, तो आज एक घर का चिराग नहीं बुझता.

