– कोराडी-दहेगांव रोड के पास हुआ भीषण हादसा
खापरखेड़ा :- दोस्तों के साथ रात के खाने का प्लान बनाकर निकले 29 वर्षीय दवा व्यवसायी युवक का कार पर से नियंत्रण खो जाने के कारण दर्दनाक मौत हो गई. नागपुर – सावनेर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग ‘हटिल सनराइज’ के सागांत सारिक रीब 12:30 बजे यह खौफनाक मंजर देखने को मिला. कार राजमार्ग का डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ की सड़क पर सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई, जिससे यह हादसा हुआ. मृतक दवा व्यवसायी का नाम निखिल संजय चकोले (29) वार्ड क्र. 1, वलनी बस्ती निवासी बताया गया. निखिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था.
दोस्तों के पास पहुंचने से पहले ही काल का बुलावा : निखिल की नागपुर के पास दाभा इलाके में दवाइयों की दुकान (मेडिकल स्टोर) है. रात के समय निखिल, उसके बचपन के दोस्त अक्षय चौधरी एवं अन्य दोस्तों ने पाटनसावंगी के पास ‘दादा रेस्टोरेंट’ में खाना खाने का प्लान बनाया था. दोस्त होटल पर निखिल का इंतजार कर रहे थे. निखिल अपनी कार नंबर एमएच-40-सीएच-4765 से नागपुर से निकला था. आधी रात को करीब 12:30 बजे उसने अक्षय को फोन करके कहा था, वह कोराडी तक पहुंच गया है और अगले 10 मिनट में पहुंच जायेगा. लेकिन, दहेगांव रंगारी के पास में होटल सनराइज के सामने अचानक निखिल का कार से नियंत्रण छूट गया. तेज रफ्तार कार सीधे राजमार्ग के डिवाइडर से जा टकराई. यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डिवाइडर लांघकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक क्र. सीजी-07-बीजेड-8893 से जोरदार जा भिड़ी.
घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ा था : इधर निखिल के नहीं पहुंचने पर जब दोस्त चिंता कर रहे थे, तभी रेस्टोरेंट के मालिक मिलिंद कुर्वे ने अक्षय को फोन किया और निखिल के भीषण एक्सीडेट की जानकारी दी. अक्षय और उसके दोस्तों ने तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ लगाई. उस समय निखिल कार के बाहर गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ा था. घटना की जानकारी मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल निखिल को तुरंत इलाज के लिए नागपुर के मैक्स हॉस्पिटल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक निखिल बेहद मेहनती और मिलनसार स्वभाव का था. अपने दम पर उसने बिजनेस में पैर जमाए थे. उसकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है. माता-पिता के बुढ़ापे का एकमात्र सहारा छिन जाने से चकोले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस संबंध में खापरखेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.