spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

डिलीवरी की होड़ बनी खूनी दुश्मनी

– साथी डिलीवरी बॉय पर चाकू से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

नागपुर :- ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनी में काम करने वाले एक डिलीवरी बॉय पर उसी कंपनी के दो सहकर्मियों ने प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज मेडिकल अस्पताल में चल रहा है। घटना गणेशपेठ थाना क्षेत्र स्थित एसटी महामंडल के क्वार्टर के सामने रविवार रात हुई। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार घायल की पहचान ऊंटखाना निवासी आमीन मुस्तफा पठान (34) के रूप में हुई है, जो ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत है। वहीं, आरोपियों की पहचान मानेवाड़ा रोड स्थित सावित्री फुले नगर निवासी केतन उरकुडे (20) तथा अयोध्या नगर निवासी श्रवण बारई (20) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आमीन समय पर डिलीवरी पूरी करने के कारण कंपनी में अच्छी छवि रखता था। इसी बात से नाराज दोनों आरोपी अक्सर उससे विवाद करते थे। रविवार सुबह भी इसी मुद्दे को लेकर आमीन और दोनों आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। रविवार शाम आमीन मॉडल मिल चौक क्षेत्र में एक डिलीवरी देने के बाद बाइक से कंपनी लौट रहा था। इसी दौरान पहले से उसका पीछा कर रहे दोनों आरोपियों ने एसटी महामंडल के क्वार्टर के सामने उसे रोक लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में आमीन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल आमीन को तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना गणेशपेठ पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और कुछ ही समय में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Popular Articles