spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

खापरखेड़ा के मुख्य बाजार में गैंगवार

– तलवार-चाकू से तीन युवकों पर हमला, चार से पांच के खिलाफ मामला दर्ज

खापरखेड़ा :- खापरखेड़ा शहर के व्यस्त मुख्य बाजार में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों पर तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। हमले में हिमांशु रवि कडू (25), रक्षित कापसे और रोहित मेश्राम गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस ने मामले में सूरज कन्हैयालाल कावले, शुभम उर्फ शेरू उईके, संघर्ष बागड़े, साहिल उर्फ बूटऱ्या बागड़े और सुदामा मधुकर छापाडहाके सहित चार से पांच संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले के कुछ मुख्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में विशेष पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले मुख्य बाजार स्थित एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के बाहर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद को लेकर रविवार रात हमला किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने दिनभर क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों का निशाना कोई अन्य व्यक्ति था, लेकिन हिमांशु रवि कडू उनके सामने आ गया। आरोप है कि इसके बाद उस पर तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु वहां से बचने के लिए भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। उसे बचाने पहुंचे रक्षित कापसे और रोहित मेश्राम पर भी हमला किया गया। कुछ ही मिनटों में हुई इस वारदात के बाद मुख्य बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों और नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और फुटेज के आधार पर हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Popular Articles