– पहले मिशन में नहीं जाएगा ह्यूमेनॉइड
नई दिल्ली :- भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ की पहली मानवरहित उड़ान (जी-1) की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि गगनयान दिसंबर के आखिर या जनवरी 2027 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से होने वाली इस उड़ान में क्रू और सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष में जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी का परीक्षण करना है। पहले चरण में ह्यूमेनॉइड रोबोट ‘व्योममित्र’ नहीं जाएगा, बल्कि उसे दूसरी उड़ान में भेजा जाएगा।
पहली दो उड़ानें सफल रहने पर तीसरी उड़ान में मार्च 2028 तक भारतीय गगनयात्री अंतरिक्ष जाएंगे। इस मिशन के पूरा होते ही भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद अंतरिक्ष में इंसान भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा।
मिशन के 3 चरण: एक-दो टेस्ट ही बाकी
रॉकेट और टेस्ट: मिशन को मानव-रेटेड एचएलएमवी-3 रॉकेट से लॉन्च करेंगे। यह चंद्रयान-3 वाले रॉकेट का ही अपग्रेड रूप है। फिलहाल पूरे मॉड्यूल का ‘थर्मो-वैक’ परीक्षण चल रहा है। इसमें अंतरिक्ष जैसी निर्वात स्थिति में उपकरणों की जांच हो रही है।
मॉड्यूल अलग करने का टेस्ट पास कर चुका है गगनयान
ISRO ने गगनयान कार्यक्रम के क्रू मॉड्यूल (CM) और सर्विस मॉड्यूल (SM) को अलग करने वाले सिस्टम की टेस्टिंग पूरी कर ली है। इसके बाद इस सिस्टम के डिजाइन की क्षमता की पुष्टि हुई है। इसी साल 16 अक्टूबर को ये परीक्षण तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) में किए गए थे।






