– भारतीय कंपनी ने गेम खेलने के लिए कर्मचारियों को छुट्टी दी
नई दिल्ली :- दुनिया के सबसे पॉपुलर वीडियो गेम में से एक GTA 6 यानी ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 लॉन्च हो गया है। GTA का यह अपडेटेड वर्जन 13 साल बाद आया है। GTA 6 का क्रेज दुनियाभर में देखा जा रह है। भारतीय इंटीरियर डिजाइन कंपनी इंडे बाय चेयर्सकार्ट ने गेम लॉन्च होने पर 19 नवंबर को पूरी कंपनी में छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं, अमेरिका में सैनिकों को 4 दिन का स्पेशल गेमिंग पास दिया जाएगा। मार्केट रिसर्च फर्म सेंसर टावर के मुताबिक, लॉन्च से पहले ही दुनियाभर में 1.49 करोड़ लोग इसे प्री-ऑर्डर कर चुके हैं, जिससे कंपनी की ₹12,000 करोड़ से ज्यादा की कमाई हो चुकी है। गेम की प्री-लोडिंग 10 नवंबर से ही शुरू हो चुकी थी।
CEO बोले- 13 साल का इंतजार खत्म
इंडे बाय चेयर्सकार्ट के फाउंडर और CEO किशोर शनमुगम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा कि हम सभी वाइस सिटी, GTA V और चीट कोड्स के साथ बड़े हुए हैं और 13 साल से इस गेम का इंतजार कर रहे थे। इसलिए कंपनी 19 नवंबर को किसी सामान्य वर्किंग डे की तरह नहीं ले रही है और सभी को बिना काम की चिंता किए गेम का आनंद लेने के लिए छुट्टी दी गई है।
₹1,500 ज्यादा देने पर एक्सक्लूसिव मिशन और गाड़ियां मिलेंगी
– कीमत: प्ले स्टेशन इंडिया पर स्टैंडर्ड एडिशन ₹5,999 और अल्टीमेट एडिशन ₹7,499 का है। स्टैंडर्ड एडिशन लेने वाले यूजर्स बाद में भी ₹1,500 देकर इसे अपग्रेड कर सकेंगे।
– अल्टीमेट एडिशन के फायदे: ₹1,500 ज्यादा देने पर प्रीमियम गाड़ियां, खास कपड़े, कस्टमाइज्ड हथियार, दो व्हीकल मॉड शॉप्स और एक एक्सक्लूसिव मिशन मिलेगा।
– प्री-ऑर्डर बोनस: 19 नवंबर तक प्री-ऑर्डर करने पर विंटेज वाइस सिटी पैक (रेट्रो कपड़े और खास कार) के साथ 1 महीने का GTA+ सब्सक्रिप्शन फ्री मिल रहा है।






