spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

गोंडवाना एक्सप्रेस में पकड़ी गांजा तस्‍करी

– RPF सीआईबी ने की कार्रवाई, 21.300 किलो मादक पदार्थ जब्त

नागपुर :- मध्य रेल नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी) ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस से 21.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10.65 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा निवासी विमलेश रामकिसन अहिरवार (26) को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच के लिए आरोपी और जब्त माल को लोहमार्ग पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ सीआईबी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन क्रमांक 12409 रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक यात्री बड़ी मात्रा में गांजा लेकर यात्रा कर रहा है। सूचना के आधार पर सीआईबी की टीम ने ट्रेन के नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 पर पहुंचते ही जनरल कोच में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान टीम को बताए गए हुलिये के आधार पर विमलेश रामकिसन अहिरवार पर संदेह हुआ। टीम ने उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया। इसके बाद उसके साथ मौजूद ट्रॉली बैग की जांच की गई। बैग में खाकी रंग के कागज में लिपटे हुए कुछ संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। संदेह पुख्ता होने पर आरोपी को उसके सामान सहित ट्रेन से उतार लिया गया।

खोजी श्वान ने दिए मादक पदार्थ के संकेत

इसके बाद आरपीएफ के डॉग स्क्वॉड की मदद से ट्रॉली बैग की जांच की गई। खोजी श्वान ‘प्रिंस’ ने बैग में मादक पदार्थ होने का संकेत दिया। बैग खोलकर जांच करने पर उसमें कुल 10 पैकेट मिले। पैकेटों की जांच में कुल 21.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरपीएफ सीआईबी ने गांजा जब्त कर आरोपी विमलेश अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 10 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के बाद आरोपी और जब्त गांजे को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए लोहमार्ग पुलिस के हवाले कर दिया गया।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.