spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने किया नागपुर मंडल का व्यापक निरीक्षण

– सुरक्षा, ‘कवच’ प्रणाली और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

नागपुर :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को नागपुर मंडल का व्यापक निरीक्षण कर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी–कन्हान–कलमना–कामठी रेलखंड पर सुरक्षा, परिचालन, स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’, स्टेशन विकास तथा विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विकास एवं संरक्षा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत नेताजी सुभाष चन्द्र बोस इतवारी स्टेशन से हुई, जहां मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कन्हान स्टेशन पर पैनल रूम, रिले रूम, स्टेशन पैनल, टावर तथा ‘कवच’ प्रणाली से संबंधित सिग्नल एवं दूरसंचार उपकरणों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली और अनुरक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सभी संरक्षा उपकरणों का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने ‘कवच’ प्रणाली से सुसज्जित लोको के अप एवं डाउन ट्रायल का भी अवलोकन किया। उन्होंने वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में प्रणाली के प्रदर्शन तथा लोको और ट्रैक उपकरणों के समन्वय का परीक्षण करते हुए कहा कि भारतीय रेल द्वारा विकसित ‘कवच’ प्रणाली भविष्य की सुरक्षित रेल संचालन व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है।

इसके बाद उन्होंने कामठी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास कार्यों एवं परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही समपार फाटकों पर स्थापित ‘कवच’ प्रणाली तथा रानाला ऑटो गुमटी हट का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत नागपुर मंडल कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक ने ‘कवच’ परियोजना, सिग्नल एवं दूरसंचार कार्य, रोड ओवर ब्रिज एवं रोड अंडर ब्रिज निर्माण, समपार फाटकों के इंटरलॉकिंग, स्टेशन विकास, परिचालन व्यवस्था,  प्रबंधन, यात्री सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, समयपालन और उत्कृष्ट सेवाएं भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए ‘कवच’ प्रणाली के विस्तार, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था के आधुनिकीकरण तथा सभी विकास परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

-डॉ. प्रवीण डबली,वरिष्ठ पत्रकार

Popular Articles