spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

वन महोत्सव पर संजीवन आश्रम में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत 200 पौधों का रोपण

– छह सामाजिक संस्थाओं की संयुक्त पहल, 107 नागरिकों ने लिया संकल्प

नागपुर :- वन महोत्सव के उपलक्ष्य में संजीवन आश्रम परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संजीवन सोशल-मेडिकल फाउंडेशन सहित छह सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागृति फैलाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेस क्लब, नागपुर के अध्यक्ष  प्रदीप मैत्र के करकमलों से हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने प्रत्येक नागरिक से भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण हेतु कम से कम पाँच वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान के सचिव डॉ. राजू मिश्रा तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। डॉ. मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि केवल वृक्ष लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

इस अवसर पर डॉ. प्रवीण डबली ने अपने परिचय के साथ संपर्क संवाद की सामाजिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए सभी से ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक कुओं के संरक्षण, वर्षा जल संचयन (वॉटर हार्वेस्टिंग) अपनाने तथा अपने घर, मोहल्ले और कार्यस्थल पर अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर मनोज खडसे, मंजिरी साने (फार्मा आरंभ ग्रुप), डॉ. प्रवीण डबली (संपर्क एवं संवाद ग्रुप), धर्मेंद्र जोरे (नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट) तथा मानकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अभियान का शुभारंभ डॉ. राजू मिश्रा द्वारा प्रथम पौधा रोपकर किया गया। इसके पश्चात 107 गणमान्य नागरिकों एवं स्वयंसेवकों ने नक्षत्र वृक्ष, फलदार वृक्ष तथा औषधीय पौधों सहित कुल 200 पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संपर्क व संवाद के सदस्यों के रूप में डॉ. प्रवीण डबली, वसंत पारधी, जितेश दवे, दिलीप धवले, नारायण गंधारे, प्रेम बिरादर एवं सौरभ सिंह की उपस्थिति रही साथ ही अभियान में फार्मा आरंभ संस्था के किरण देशमुख, गायत्री परिवार के शशिभूषण अग्रवाल, सी. एम. झाड़े फाउंडेशन की भारती झाड़े एवं विकास झाड़े, डॉ. समीर चौबे, डॉ. स्मिता चौबे, प्रेस क्लब के सनी शेंडे तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. संजय उगेमुगे ने किया, जबकि नाना ढगे ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए नाना ढगे, शेखर सावरकर तथा संजीवन निसर्गोपचार केंद्र के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की टीम ने उल्लेखनीय योगदान दिया।

– डॉ प्रवीण डबली वरिष्ठ पत्रकार, जल अभ्यासक, जल योद्धा 


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.