– भारतीय विद्या भवन के 88वें सत्र के प्रमाणपत्र वितरण समारोह में विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र
नागपुर :- केवल प्रमाणपत्र हासिल करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज और देश के विकास में करना चाहिए। बदलते समय के साथ नई तकनीक सीखते हुए विद्यार्थियों को निरंतर अपने कौशल का विकास करना चाहिए। चुनौतियों को अवसर मानकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और बड़े सपने देखें। यह प्रेरणादायी संदेश नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार ने विद्यार्थियों को दिया।
भारतीय विद्या भवन, नागपुर के 88वें सत्र के प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन 10 अगस्त को सिविल लाइन्स स्थित भवन के भगवानदास पुरोहित ऑडिटोरियम में उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में हर्ष ए. पोद्दार प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए पोद्दार ने कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन, निरंतरता, मेहनत, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा और ज्ञान को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि समाज की प्रगति और राष्ट्र निर्माण में उसका उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आज का दौर तेजी से बदल रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को नई तकनीकों को अपनाने के साथ-साथ लगातार नई चीजें सीखते रहना चाहिए। जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें अवसर के रूप में स्वीकार कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

बच्चों के बीच घुले-मिले पोद्दार
समारोह के दौरान हर्ष पोद्दार ने विद्यार्थियों के साथ कक्षा में बैठकर बेहद सहज और आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, पसंद-नापसंद और भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की। चिमुकले विद्यार्थियों के बीच भी वे घुल-मिल गए और उनसे मनमोकले अंदाज में संवाद किया। उनका यह आत्मीय अंदाज विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बातचीत के दौरान उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, लगातार मेहनत करने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रमाणपत्र वितरण समारोह में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाने का संदेश दिया।





