– पूरी साजिश और संभावित नेटवर्क की हो गहन जांच : डॉ. नीलम गोर्हे
नागपुर :- हुडकेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ हुए गंभीर अत्याचार के मामले में शिवसेना (शिंदे गुट) की उपनेता डॉ. नीलम गोर्हे ने जांच का दायरा व्यापक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच केवल एक आरोपी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे घटनाक्रम, आरोपी की पृष्ठभूमि और संभावित नेटवर्क की गहन पड़ताल की जानी चाहिए। उन्होंने इस मामले की सुनवाई पुणे के नसरापुर प्रकरण की तर्ज पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष रखने की बात कही।
डॉ. नीलम गोर्हे ने हुडकेश्वर पुलिस थाने का दौरा कर पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। इस दौरान सह पुलिस आयुक्त नवीन रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, सहायक पुलिस आयुक्त नरेंद्र हिवरे और पुलिस निरीक्षक अनामिका मिर्झापुरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। डॉ. गोर्हे ने कहा कि मामले में आरोपी की मदद करने वाले लोगों, पीड़ित बच्ची या उसके परिवार पर दबाव बनाने अथवा भय का माहौल पैदा करने वालों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है तो उसे सामने लाना जरूरी है।
उन्होंने आरोपी की पृष्ठभूमि की जांच के साथ उसके मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों, डिजिटल सबूतों और साइबर कनेक्शन की भी पड़ताल करने की आवश्यकता जताई। साथ ही यह पता लगाने की मांग की कि आरोपी के खिलाफ नागपुर के अलावा अन्य जिलों या राज्यों में भी इसी प्रकार के अपराध से संबंधित कोई मामला दर्ज है या नहीं।
‘दो दिन की पुलिस हिरासत अपर्याप्त’
डॉ. गोर्हे ने कहा कि न्यायालय द्वारा आरोपी को दी गई दो दिन की पुलिस हिरासत मामले की गंभीरता और जांच के व्यापक दायरे को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाना जरूरी है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से पीड़ित बच्ची की पहचान एवं गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रखने की अपील की। साथ ही पीड़ित को आवश्यक सुरक्षा, परामर्श और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग
डॉ.गोर्हे ने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में जांच जल्द और निष्पक्ष तरीके से पूरी होने के साथ न्यायिक प्रक्रिया में भी अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष रखी जाएगी। इस अवसर पर शिवसेना की संपर्क प्रमुख वर्षा मोरे, महिला आघाड़ी प्रमुख मनीषा पापडकर, नेहा भोकरे, सूरज गोजे, बंडू तलवेकर, गणेश चर्लेवार, अलका दलाल, निशांत चरडे और नितिन तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।





