वलगांव :- कार की किस्त को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच जमकर झगड़ा हो गया, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी से हमला करने और चाकू दिखाकर धमकाने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में वलगांव पुलिस ने दो अलग-अलग शिकायतों के आधार पर कुल सात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। यह घटना 6 फरवरी की रात नया अकोला मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने खेत के पास घटी। ऋषिकेश नरेंद्र बोबडे (25, वलगांव) की शिकायत पर पुलिस ने प्रथमेश पिसालकर (25), सौरभ ठवली (20), सन्नी मोकडे (20) और प्रेम गेडाम (21) सभी निवासी वलगांव के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वहीं, प्रथमेश सुनीलराव पिसालकर की शिकायत पर पुलिस ने ऋषीकेश नरेंद्र बोबडे (25), करण प्रवीण पाटिल (18) और अर्जुन प्रवीण पाटिल (18) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, किसी मंथन साबले ने फायनेंस पर एक कार खरीदी थी। घटना से करीब दो घंटे पहले पेट्रोल पंप के पास प्रथमेश पिसालकर ने मंथन साबले को कार की किस्त समय पर भरने की हिदायत दी थी। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और मंथन वहां से चला गया। रात में जब प्रथमेश को यह जानकारी मिली कि मंथन साबले ऋषीकेश बोबडे के खेत की ओर गया है, तो वह वहां पहुंचा और ऋषीकेश से मंथन के बारे में पूछताछ की। खेत के घर में मंथन के मौजूद न होने की बात कहने पर प्रथमेश और ऋषीकेश के बीच विवाद हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को बुला लिया और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी से हमला किया, वहीं दोनों शिकायतकर्ताओं ने चाकू दिखाकर मारपीट करने का आरोप भी एक-दूसरे पर लगाया है। वलगांव पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।








