– नागपुर कनेक्शन, 54 करोड़ की एमडी जब्त
नागपुर :- तेलंगाना पुलिस ने यदाद्री-भुवनगिरी जिले में एक अंतर राज्यीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए करीब 27 किलोग्राम मेफेड्रोन (एमडी) और 40 किलोग्राम एसीटोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद एमडी की अनुमानित कीमत करीब 54 करोड़ रुपये है। इस कार्रवाई में नागपुर कनेक्शन भी सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, कोंडामडुगु क्षेत्र में एक गुप्त प्रयोगशाला में कथित तौर पर एमडी तैयार की जा रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रयोगशाला पर छापा मारकर मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, सेंट्रीफ्यूज मशीन और अन्य सामग्री जब्त की। इस मामले में पुलिस ने नागपुर निवासी चेतन मधुकर मेश्राम (49) को कथित तौर पर रैकेट का सूत्रधार और आर्थिक मदद करने वाला आरोपी बताया है। उसके साथ आकाश अशोक गावंडे समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, नागपुर निवासी गोपाल सिरपत पटले और चंदा प्रदीप ठाकुर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
नागपुर और विदर्भ में सप्लाई की तैयारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि प्रयोगशाला में तैयार की जा रही एमडी की खेप को नागपुर और विदर्भ के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाने की तैयारी थी। इसके बाद नागपुर कनेक्शन को लेकर जांच और तेज कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कितने लोग शामिल हैं तथा मादक पदार्थों की सप्लाई और आर्थिक लेनदेन का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है। जांच एजेंसियां रैकेट की पूरी सप्लाई चेन और आरोपियों के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं।





