नागपुर :- ऑटो में सवार गोंदिया की महिला से 14 लाख के गहने उड़ा लिए गए. वैशाली हरीष आठवले पति के साथ शादी में शामिल होने के लिए 24 नवंबर को नागपुर आई थी. दोनों रेलवे स्टेशन से नंदनवन जाने के लिए ऑटो में सवार हुए. ऑटो में पहले से अज्ञात तीन सवारी बैठी थी. ऑटो चालक ने वैशाली को पीछे बैठने को कहा. उनके पति को सामने अपने साथ बिठाया. वैशाली अपना बैग पास में रखी हुई थी. बैग में 14 तोले सोने के गहने रखे थे. ऑटो में सवार अज्ञात कथित सवारी ने बैग से गहने चुरा लिए. वैशाली की शिकायत पर नंदनवन पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है. रेलवे स्टेशन ऑटो चालकों की गुंडागर्दी का अड्डा बना हुआ है. कई ऑटो चालक आपराधिक प्रवृति के हैं. वह अपने साथियों की मदद से बाहरी लोगों को शिकार बनाते हैं. रेलवे स्टेशन स्थित प्री पेड ऑटो स्टैंड पर भी अपराधियों का अड्डा बना हुआ है. उसे संचालित करने के नाम पर कुछ लोग अराजकता फैलाते हैं. उनकी शह से रेलवे स्टेशन पर गुटखे के साथ मादक पदार्थ की भी बिक्री हो रही हैं. इसमें आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी-कर्मी भी मूकदर्शक बने हुए हैं. वह कार्रवाई करने की बजाय अवैध धंधों में लिप्त लोगों से उगाही करते हैं.








