spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

आज बीजेपी का झारखंड बंद़्

– ABVP का विधानसभा घेराव, पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठियां चलाईं

नई दिल्‍ली :- झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा की ओर से मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया गया। बंद का असर राजधानी रांची समेत कई जिलों में देखने को मिला। कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन और चक्काजाम किया। इससे कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

इससे एक दिन पहले रांची में छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। पुलिस के अनुसार, घटना में 14 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, प्रदर्शनकारियों की ओर से भी बड़ी संख्या में छात्रों के घायल होने का दावा किया गया है। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही है।

पलामू में छहमुहान और रेडमा चौक पर जाम:

पलामू जिले में बंद का असर सुबह से दिखाई दिया। डालटनगंज के छहमुहान और रेडमा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। भाजपा के पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। बंद को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी।

सिमडेगा में भी सड़क पर उतरे कार्यकर्ता:

सिमडेगा जिले में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुबह से प्रदर्शन शुरू कर दिया। बीरू समेत कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-143 को जाम किया। सड़क जाम होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी की। इसके अलावा गिरिडीह के धनवार और चतरा के प्रतापपुर में भी सड़क जाम किए जाने की सूचना है। अन्य जिलों से भी बंद के समर्थन में प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं।

विधानसभा घेराव के दौरान हुई थी झड़प:

बंद का आह्वान सोमवार को रांची में हुए छात्रों के प्रदर्शन के बाद किया गया। भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र और नौकरी के अभ्यर्थी विधानसभा की ओर मार्च कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, झड़प में 14 पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान व्यवधान पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। वहीं, प्रदर्शन से जुड़े लोगों की ओर से पुलिस कार्रवाई में छात्रों के घायल होने का दावा किया गया है। इसको लेकर भाजपा और छात्र संगठनों ने सरकार पर निशाना साधा है।

बंद के बीच प्रशासन की बढ़ी निगरानी

भाजपा के झारखंड बंद को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर पुलिस की तैनाती की गई है। प्रशासन की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात को सामान्य बनाए रखना है। भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों के आंदोलन और उसके बाद भाजपा के बंद से राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अब सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के साथ छात्रों की मांगों पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.