– मलबे के साथ 200 फीट तक बहा टैंकर, रेस्क्यू जारी
वायनाड (केरल) :- केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को हुए भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका है। हादसा कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास मलप्पुरम-वायनाड टनल परियोजना के सामने हुआ, जहां सुरंग निर्माण का कार्य चल रहा था। लगातार बारिश के कारण टनल के बाहर बड़ी मात्रा में जमा मिट्टी अचानक खिसक गई और भारी मलबा तेजी से नीचे की ओर बहने लगा।
घटना के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए मलबे से भागते नजर आ रहे हैं। देखते ही देखते मलबे की तेज धारा ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर खड़ा एक टैंकर भी मलबे के साथ करीब 200 फीट तक बह गया। गनीमत रही कि वह वहां मौजूद एक महिला और एक पुरुष से कुछ ही फीट की दूरी पर जाकर रुका, जिससे दोनों की जान बच गई। हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मौके पर जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सोमवार से ही सुरंग निर्माण का कार्य एहतियातन रोक दिया गया था।
2024 में हुआ था सबसे बड़ा भूस्खलन
वायनाड इससे पहले भी भीषण भूस्खलन की त्रासदी झेल चुका है। 30 जुलाई 2024 की रात मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में एक के बाद एक कई भूस्खलन हुए थे। उस भीषण आपदा में 400 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले 2019 में भी भारी बारिश के कारण इसी क्षेत्र में हुए भूस्खलन में 17 लोगों की जान गई थी।
फिलहाल, प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है और लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।




