spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट

– चार नकाबपोशों ने लूटे 11 तोले सोने के आभूषण

नागपुर :- शहर के गिट्टीखदान पुलिस थाना क्षेत्र में लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अनंत नगर स्थित अहबाव कॉलोनी में चार अज्ञात आरोपियों ने घर में अकेली मौजूद 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और करीब 11 तोले सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घायल महिला को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजा जमशेद शरीफ अपनी 82 वर्षीय मां राफिया शरीफ के साथ अनंत नगर की अहबाव कॉलोनी स्थित प्लॉट नंबर 38 में रहते हैं। गुरुवार रात राजा शरीफ किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रात करीब पौने 12 बजे चार अज्ञात आरोपी कथित तौर पर जबरन घर में घुस गए। घर में अकेली बुजुर्ग महिला को देखकर आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया। महिला ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उनके हाथों में पहनी सोने की चूड़ियां और गले में मौजूद सोने की चेन समेत करीब 11 तोले के आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद घायल महिला ने किसी तरह पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही गिट्टीखदान पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए मेयो अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। दिनदहाड़े नहीं, बल्कि देर रात घर में घुसकर बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस वारदात ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Popular Articles