spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

गणेशपेठ की निर्माणाधीन इमारत में भीषण आग

– एलपीजी सिलेंडर समय रहते हटाए गए, बड़ा हादसा टला

नागपुर :- शहर के गणेशपेठ स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, गणेशपेठ स्थित कुकरेजा आनंदम वर्ल्ड सिटी की निर्माणाधीन इमारत के पार्किंग क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 3.45 बजे अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही कॉटन मार्केट फायर स्टेशन से दमकल वाहन रवाना किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में कुल चार दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। आग में पाइप, सेंटरिंग बोर्ड, मशीनरी तथा अन्य निर्माण सामग्री जलकर नष्ट हो गई। इसके कारण पूरे क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया। दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटनास्थल पर श्रमिकों के खाना बनाने के लिए रखे गए 10 एलपीजी सिलेंडरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया। आग की वजह से बिजली के तार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल विभाग ने बताया कि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने के कारण आग पर जल्द काबू पा लिया गया और किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Popular Articles