– मांगली शिवार हत्याकांड में एलसीबी ने दो आरोपियों को दबोचा
नागपुर :- नागपुर ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने कलमेश्वर थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या का कौशलपूर्ण जांच के जरिए खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस के पास न तो कोई ठोस सुराग था और न ही प्रत्यक्षदर्शी गवाह। इसके बावजूद तकनीकी सबेतों, सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
20 जुलाई 2026 को कलमेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के मांगली शिवार में अनिल धानोजे के खेत के पास स्थित कुएं के समीप जंगल परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद कलमेश्वर पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया। शव परीक्षण रिपोर्ट में मृत्यु स्वाभाविक नहीं बल्कि हत्या के कारण होने की पुष्टि हुई। इसके बाद कलमेश्वर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। कलमेश्वर पुलिस के साथ स्थानीय अपराध शाखा ने भी मामले की समानांतर जांच शुरू की। मृतक का चेहरा पूरी तरह सड़ चुका था, जिसके कारण उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। जांच के दौरान तकनीकी सबूतों और अन्य उपलब्ध जानकारी का विश्लेषण कर एलसीबी की टीम ने मृतक की पहचान भीमनगर, इसासनी रोड, लता मंगेशकर अस्पताल के पास, हिंगना रोड, नागपुर निवासी अतुल चंद्रकांत तिवारी (25), के रूप में की। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक के लापता होने की शिकायत 22 जुलाई 2026 को एमआईडीसी पुलिस थाना, नागपुर शहर में दर्ज कराई गई थी।
प्रत्यक्षदर्शी या ठोस सुराग नहीं था
पुलिस के अनुसार, जांच के शुरुआती चरण में मामले में कोई ठोस सबूत, प्रत्यक्षदर्शी या महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध नहीं था। इसके बावजूद स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी आधार और सीसीटीवी फुटेज, गोपनीय जानकारी और अन्य उपलब्ध तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि योगेश दीपक पोपलघट हत्या से पहले मृतक के संपर्क में था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस को उसके और मनोज बुद्धेश्वर नारनवरे के बीच कथित मिलीभगत तथा हत्या में उनकी भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस जांच के अनुसार, दोनों आरोपी मृतक के परिचित थे और उनके बीच पैसों को लेकर विवाद था। इसी विवाद के चलते दोनों ने कथित रूप से मिलकर अतुल तिवारी की हत्या की। पुलिस ने आरोपी जयताला, नागपुर निवासी योगेश दीपक पोपलघट (28) को जयताला से तथा आरोपी सिललेवानी, तह. पांढुरणा, जि. पांढुरणा, मध्य प्रदेश निवासी मनोज बुद्धेश्वर नारनवरे (28) को हिंगना, नागपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध में उनकी कथित भूमिका सामने आने के बाद दोनों आरोपियों को 2 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच कलमेश्वर पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा द्वारा की जा रही है।





