– पहला चरण पूरा, अब जिला परिषद और बीएमसी चुनावों पर टिकी महाराष्ट्र की नजरें
– बीएमसी चुनावों का ऐलान जल्द, सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन से बढ़ी सियासी हलचल
मुंबई :- सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव 31 जनवरी तक पूरे किए जाने हैं। इस दिशा में राज्य में चुनावी प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। स्थानीय निकाय चुनावों का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है, जिसमें नगर परिषद और नगर पंचायतों के लिए मतदान संपन्न हो गया है। अब दूसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव कराए जाएंगे। इसके बाद तीसरे और अंतिम चरण में राज्य की विभिन्न म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशनों के चुनाव होंगे। इनमें मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) समेत अन्य बड़े नगर निगमों के चुनाव शामिल हैं, जिनका राजनीतिक महत्व काफी अधिक माना जाता है। हालांकि, बीएमसी और अन्य प्रमुख नगर निगमों के चुनावों की तारीखों का औपचारिक ऐलान अभी तक नहीं हुआ है, लेकिन चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक जल्द ही इन चुनावों की घोषणा होने की संभावना है। चूंकि सुप्रीम कोर्ट की तय समयसीमा 31 जनवरी नजदीक है, इसलिए राज्य चुनाव आयोग पर सभी चरणों के चुनाव समय पर पूरे कराने का दबाव है।
स्थानीय निकाय चुनाव बने सियासी सेमीफाइनल, सभी दल मैदान में उतरे
स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। खासकर बीएमसी चुनावों को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि इसे आगामी विधानसभा और लोकसभा राजनीति का सेमीफाइनल माना जा रहा है। अब सभी की नजरें चुनाव आयोग की अगली घोषणा पर टिकी हैं, जिससे महाराष्ट्र की सियासत और अधिक गर्माने की उम्मीद है।




