spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

यूनिटी मैराथन में दौड़े हजारों, चमका नागपुर

– 10 हजार से अधिक धावकों ने लिया हिस्सा, महिलाओं में ओहावा और पुरुष में यादव विजेता

नागपुर :- सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर नागपुर महानगरपालिका की ओर से शनिवार,31 अक्टूबर को भव्य ‘यूनिटी रन मैराथन’ का आयोजन किया गया। लकड़गंज स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान (कच्छीविसा) से शुरू हुई इस मैराथन में 10 हजार से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के 21 किलोमीटर महिला ओपन वर्ग में इथियोपिया की अंतरराष्ट्रीय धाविका तसेहाय ओहावा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष ओपन वर्ग में नागपुर के राजन यादव ने बाजी मारी। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया।

मैराथन में नागपुर के अलावा नाशिक, सोलापुर, चंद्रपुर, अमरावती, रत्नागिरी, राजस्थान, छत्तीसगढ़, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के धावकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 21 किमी, 10 किमी, 5.3 किमी और 2.5 किमी की अलग-अलग दौड़ आयोजित की गई। पुरुषों और महिलाओं के लिए स्वतंत्र वर्ग रखे गए थे। इसके अलावा 16 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाओं के लिए भी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। मैराथन का उद्घाटन राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर, विधायक कृष्णा खोपड़े, महापौर नीता ठाकरे, उप महापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे और सत्ता पक्ष नेता व मैराथन संयोजक नरेंद्र (बाल्या) बोरकर सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर, अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, खेल विशेष समिति सभापति दर्शनी धवड, उपजिलाधिकारी सुरेश बगले सहित मनपा के पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित थे।

झुंबा और संगीत से बढ़ा धावकों का उत्साह

मैराथन से पहले फेब फिटनेस की अपराजिता, श्रद्धा अग्रवाल, श्रद्धा ठाकरे और नमिता बाकाने ने झुंबा सत्र के माध्यम से धावकों का वार्मअप कराया। वहीं, सीयाराम सनोदिया ने गीतों की प्रस्तुति देकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन मनपा जनसंपर्क अधिकारी मनीष सोनी और आरजे आमोद ने किया।

84 वर्षीय श्रीपाद बुरडे ने पूरी की मैराथन

इस आयोजन का विशेष आकर्षण 84 वर्षीय श्रीपाद बुरडे रहे। उन्होंने पूरे उत्साह और जज्बे के साथ मैराथन पूरी की। उनकी उपलब्धि पर उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

धनश्री दाभाड़े को मिला बजाज चेतक

मैराथन में भाग लेने वाले धावकों के लिए लकी ड्रॉ भी आयोजित किया गया। इसमें धनश्री दाभाड़े बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की विजेता बनीं।

….प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम

21 किलोमीटर पुरुष ओपन वर्ग में राजन यादव (नागपुर), सतीश कुमार वर्मा (उत्तर प्रदेश) और मुकेश भानू (राजस्थान) विजेता रहे। तो वहीं, 21 किलोमीटर महिला ओपन वर्ग में तसेहाय ओहावा (इथियोपिया), यामिनी ठाकरे (नागपुर) और साक्षी (रत्नागिरी) विजेता रहीं। इसके अलावा 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में गौरव खोडतकर (नागपुर), धीरज कुमार (नाशिक) और अरविंद यादव विजेता रहे। 5.3 किलोमीटर बालक वर्ग (16 वर्ष से कम) में सुमित मेश्राम (उमरेड), नैतिक राठौड़ (पुसद) और रामदेव दिवाकर विजेता रहे। 5.3 किलोमीटर महिला ओपन वर्ग में मिताली भोयर (नागपुर), शिवानी दिवाकर (नाशिक) औ र प्रणाली शेगांवकर (शेगांव) विजेता रही। 2.5 किलोमीटर बालिका वर्ग में हिमांशी बावणे (नागपुर), सलिया खान (यवतमाल) औ र लावण्या नगरकर (चंद्रपुर) क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता रही।

कार्यक्रम के समापन पर खेल विशेष समिति सभापति दर्शनी धवड ने खिलाड़ियों, नागरिकों और आयोजन में सहयोग देने वाले पुलिस, यातायात, अग्निशमन तथा मनपा के विभिन्न विभागों का आभार व्यक्त किया।

Popular Articles