अमरावती :- ऑनलाइन लेन-देन का गलत फायदा उठाकर ज्वेलर्स से सोने की ठगी करने वाले 2 अपराधियों को अमरावती ग्रामीण स्थानीय अपराध शाखा ने कुछ ही घंटों में पकड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है. नकली फोन-पे ऐप का उपयोग कर सोने की अंगूठी ठगी करने वाले आरोपियों के पास से सवा लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया है. अंजनगांव सुर्जी के गोपाल नगर में स्थित ‘गुणगुण ज्वेलर्स’ के मालिक राजेश जानराव बैतुले के दुकान में 23 दिसंबर को दो अज्ञात व्यक्ति आए. उन्होंने 3.320 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी खरीदने की इच्छा जताई. 48,004 रुपये की कीमत तय होने के बाद आरोपियों ने फोन-पे ऐप पर भुगतान दिखाकर दुकान से बाहर निकलते ही अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गए. जब व्यापारी ने जांच की तो पता चला कि कोई भी लेन-देन हुआ ही नहीं था. बैतुले ने तुरंत अंजनगांव सुर्जी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा ने त्वरित जांच शुरू की. तकनीकी विश्लेषण और गुप्त जानकारी के आधार पर एलसीबी की दो टीमों ने महाजनपुरा क्षेत्र में आरोपियों के लिए जाल बिछाया. अंजनगांव सुर्जी से लौटते समय उमेर मिर्जा जाफर बेग मिर्झा (सागर नगर) और मोहम्मद शोहेब मोहम्मद शकील (नालसाहेबपुरा) को गिरफ्तार किया गया. जांच के दौरान आरोपियों ने नकली फोन पे ऐप का उपयोग कर ठगी करने की बात स्वीकार की. तलाशी के दौरान सोने की अंगूठी, दो एंड्रॉइड मोबाइल, नकद राशि और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत कुल 1,31,034 रुपये का माल जब्त किया गया.








