नागपुर :- आपली बस में सफर करनेवाले यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टॉप पर कियोस्क लगाए गए। चलो एप सेवा के साथ डिजिटल टिकट बुक करने की इसमें सुविधा है। करोड़ों रुपए खर्च कर लगाए गए कियोस्क देखभाल के अभाव में धूल खा रहे हैं। उसका यात्रियों को उपयोग नहीं होने से करोड़ों रुपए पानी में चले गए। सरकारी धन की बर्बादी : शहर में अनेक जगह कियोस्क लगाए गए। एलआईटी कॉलेज अमरावती रोड पर लगाए गए कियोस्क का यह हाल है कि उसका दरवाजा नहीं खुल रहा है। जंग लगने से जाम हो गया है। विद्यापीठ ग्रंथालय के पास लगाया गया कियोस्क यात्रियों के उपयोग में नहीं आ रहा है। वहां नर्सरी लगानेवाले अपना सामान रखने के लिए उपयोग कर रहे हैं। अलंकार टॉकीज चौक में लगी कियोस्क मशीन पूरी तरह जंग खा गई है। धरमपेठ विद्यालय के पास लगी मशीन का उपयोग भिखारी अपना सामान रखने के लिए कर रहे हैं। शहर कमोबेश सभी कियोस्क मशीनों का आसपास के लोग अपनी सुविधा के लिए दुरुपयोग कर रहे हैं। सरकारी धन की बर्बादी मनपा तमाशबीन बनकर देख रही है।








