हिंगना :- डिगडोह नगर परिषद अंतर्गत पुलिस नगर बस्ती में नई शुरू हो रही बीयर शॉपी के विरोध में स्थानीय महिलाएं और नागरिक एकजुट हो गए हैं. इस क्षेत्र में बीयर शॉपी शुरू नहीं होनी चाहिए, इस मांग को लेकर राज्य उत्पाद शुल्क विभाग को ज्ञापन सौंपा गया. महिलाओं ने बीयर शॉपी की इमारत के सामने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया. करीब 2000 की आबादी वाले इस क्षेत्र में विशेष रूप से पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों के परिवार रहते हैं. पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर चले जाने के बाद महिलाएं और बच्चे घरों में अकेले रहते हैं. नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही असामाजिक तत्वों का आना-जाना बना रहता है, जिससे लोग परेशान हैं. यहां स्कूल और कॉन्वेंट भी स्थित हैं तथा प्रस्तावित दुकान के आसपास घनी आबादी और मकान हैं.








