– खुद को इलाके का ‘दादा’ बताकर युवक पर किया हमला
नागपुर :- नंदनवन थाना क्षेत्र में खुद को इलाके का ‘दादा’ बताकर एक युवक पर चाकू से हमला करने और उसका मोबाइल फोन व नकदी लूटने का मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पुराना बगडगंज, कुंभार टोली निवासी शेख वसीम शेख रुस्तम (21) 20 जुलाई की शाम अपने मित्र अल्ताफ अहमद शेख के साथ बैठा था। इसी दौरान आरोपी रोहन उर्फ ऐडा सतीश रंगारी (28) अपने साथी आकाश लांजेवार (25) के साथ वहां पहुंचा। आरोपी ने वसीम से कथित तौर पर कहा कि, ‘तू मुझे पहचानता नहीं है क्या, मैं यहां का दादा हूं।’ इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोहन ने चाकू निकालकर वसीम के दाहिने हाथ के अंगूठे के पास वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उसका एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये नकद छीन लिए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 17 हजार रुपये बताई गई है। घटना के बाद घायल वसीम को उसके मित्र के साथ उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित की शिकायत पर नंदनवन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी रोहन उर्फ ऐडा रंगारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, पुलिस उसके फरार साथी आकाश लांजेवार की तलाश कर रही है।





