– शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार योजनाओं का संचालन
नागपुर :- महात्मा ज्योतिबा फुले अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्था (महाज्योति) महाराष्ट्र शासन के अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत है। संस्था की ओर से विभिन्न प्रशिक्षण योजनाओं का संचालन शासन के नियमों, दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं के अनुसार किया जा रहा है। संस्था के कामकाज में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
‘महाज्योति’ के निधि उपयोग और प्रशिक्षण योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर हाल ही में उठाए गए सवालों के बीच संस्था ने अपनी कार्यप्रणाली और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की स्थिति स्पष्ट की है। संस्था के अनुसार, विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और कौशल विकास से संबंधित प्रशिक्षण योजनाएं संचालित करते समय निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है। राज्य में विभिन्न सामाजिक वर्गों के विद्यार्थियों के लिए बार्टी, सारथी, टीआरटीआई, वनार्टी और अमृत जैसी संस्थाएं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करती हैं। इन संस्थाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ ही महाज्योति का प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। इससे ओबीसी, एसबीसी और विमुक्त जाति एवं घुमंतू जनजाति (वीजेएनटी) वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण के अवसर मिल सकेंगे।
संस्था का कहना है कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक प्रगति के लिए आवश्यक सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। सभी योजनाओं का क्रियान्वयन शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जा रहा है। संस्था के कामकाज को लेकर कोई निष्कर्ष निकालने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना आवश्यक है।
आरोप निराधार, कामकाज पारदर्शी
महाज्योति पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यों से परे हैं। संस्था का कामकाज शासन के नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संचालित हो रहा है। विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न प्रशिक्षण योजनाओं को लागू करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बार्टी, सारथी, टीआरटीआई, वनार्टी और अमृत की प्रशिक्षण योजनाओं के साथ महाज्योति का प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। तथ्यों की पुष्टि किए बिना इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है।
— मिलिंद नारिंगे, प्रबंध निदेशक,महाज्योति, नागपुर.






