नई दिल्ली :- बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता रणबीर कपूर की शादी अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रहती है। कभी रणबीर के किसी बयान को लेकर तो कभी दोनों के रिश्ते को लेकर इंटरनेट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती हैं। अब आलिया भट्ट ने अपने वैवाहिक जीवन पर होने वाली इन टिप्पणियों को लेकर खुलकर अपनी राय जाहिर की है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर कई बार रणबीर कपूर को लेकर रेड फ्लैग जैसी टिप्पणियां की जाती हैं। वहीं कुछ लोग आलिया और रणबीर की जोड़ी को लेकर भी सवाल उठाते रहे हैं। इन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए आलिया ने कहा कि किसी दूसरे के रिश्ते को बाहर बैठकर समझना और उस पर फैसला सुनाना सही नहीं है।
हाल ही में TIME मैगजीन के TIME100 Next India फीचर के लिए बातचीत के दौरान आलिया ने अपनी शादी को लेकर होने वाली अटकलों पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी महिला के रूप में पेश करना, जो अपनी शादी में किसी काल्पनिक परेशानी से गुजर रही हो, बेहद आपत्तिजनक है। उनके मुताबिक, लोगों को दूसरों की निजी जिंदगी में दखल देने से बचना चाहिए।
आलिया ने रिश्तों की अहमियत पर बात करते हुए यह भी बताया कि किसी भी संबंध की वास्तविक स्थिति वही लोग समझ सकते हैं, जो उसका हिस्सा होते हैं। उनके अनुसार, एक मजबूत रिश्ते की पहचान यह है कि दोनों साथी बिना कुछ कहे भी एक-दूसरे की भावनाओं और जरूरतों को समझ सकें।
गौरतलब है कि अगस्त 2023 में वोग इंडिया को दिए एक इंटरव्यू के दौरान आलिया ने बताया था कि रणबीर को उनके होंठों का प्राकृतिक रंग पसंद है। अभिनेत्री के मुताबिक, कई बार रणबीर उन्हें लिपस्टिक हटाने के लिए भी कहते हैं। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर रणबीर को लेकर कई तरह की टिप्पणियां हुई थीं और कुछ यूजर्स ने उनके व्यवहार पर सवाल उठाए थे।
इसके बाद नवंबर 2023 में करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण 8’ में आलिया ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि रणबीर की बात को उसके पूरे संदर्भ से अलग करके पेश किया गया, जिससे सोशल मीडिया पर उनकी छवि को लेकर गलत धारणा बनी।
बता दें कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने अप्रैल 2022 में शादी की थी। इस शादी में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने हिस्सा लिया था। दोनों की एक बेटी भी है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। वहीं आलिया और रणबीर संजय लीला भंसाली की आगामी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में साथ दिखाई देंगे। इस फिल्म में विक्की कौशल भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज जनवरी 2027 में प्रस्तावित बताई जा रही है।





