spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

अयोध्या से जनकपुर पहुंची पहली सीधी ट्रेन

– 20 घंटे में पूरा हुआ सफर, 28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए होगी शुरू

– PM मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री शाह ने दिखाई हरी झंडी

जनकपुर :- भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच रेल संपर्क का नया अध्याय शुरू हो गया है। अयोध्या से रवाना हुई पहली सीधी ट्रेन मंगलवार सुबह करीब 9.35 बजे नेपाल के जनकपुर धाम स्टेशन पहुंची। करीब 20 घंटे के सफर के बाद जनकपुर पहुंची सरयू-कमला एक्सप्रेस का यात्रियों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। इस ऐतिहासिक यात्रा में पहले दिन कुल 1,158 यात्री सवार हुए। आम यात्रियों के लिए ट्रेन सेवा 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार दोपहर अयोध्या से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न स्टेशनों से होते हुए नेपाल पहुंची। इस सेवा से दोनों देशों के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मजबूती मिलने के साथ अयोध्या और जनकपुर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों पर ठहराव

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशनों पर रुकेगी। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुर धाम पहुंचेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी। अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए सोमवार को और जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए शनिवार को रवाना होगी।

जयनगर में होगी यात्रियों के दस्तावेजों की जांच

भारत-नेपाल सीमा पार करने वाली इस ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के लिए बिहार के जयनगर स्टेशन पर दस्तावेजों की जांच की जाएगी। अयोध्या से जनकपुर जाते समय यहां दो घंटे तथा वापसी के दौरान एक घंटे का ठहराव निर्धारित किया गया है। यात्रियों को सफर के दौरान आवश्यक पहचान पत्र साथ रखना होगा। दोनों देशों के यात्रियों के लिए अलग-अलग आरक्षण चार्ट भी तैयार किए जाएंगे।

17 कोच, एसी और स्लीपर की सुविधा

ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इनमें थर्ड एसी के छह, सेकेंड एसी के दो और स्लीपर श्रेणी के सात कोच शामिल हैं। शेष दो कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी सुविधाओं के लिए निर्धारित हैं। ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी के कोच नहीं होंगे। यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट पर यात्रा की सुविधा मिलेगी। फिलहाल रेलवे की ओर से आधिकारिक किराये की घोषणा नहीं की गई है।

इस रेल सेवा से बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

Popular Articles