spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

ट्रंप के टैरिफ का खौफ बेअसर, सेंसेक्स 1,500 अंक उछला

– शेयर बाजार में तूफानी तेजी, निफ्टी में भी 446 अंकों की छलांग

मुंबई :- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से नए टैरिफ लगाने की तैयारी के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। एक दिन की छुट्टी के बाद बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी ने लंबी छलांग लगाई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,500 अंकों से अधिक उछलकर 83,969 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 446 अंक चढ़कर 25,795 के स्तर पर पहुंच गया।

खास बात यह रही कि अमेरिका की ओर से भारत समेत 16 देशों पर नए टैरिफ लगाने की तैयारी की खबरों के बीच बाजार में यह तेजी आई। जहां चीन और जापान के शेयर बाजारों में टैरिफ की आशंका से दबाव देखा गया, वहीं भारतीय बाजार में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।

सेंसेक्स-निफ्टी में जोरदार उछाल

बुधवार को कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 82,435 की तुलना में करीब 1,001 अंकों की बढ़त के साथ 83,436 पर खुला। कुछ ही मिनटों में इसमें तेजी और बढ़ गई तथा यह 1,500 अंकों से अधिक उछलकर 83,969 के स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह निफ्टी पिछले कारोबारी बंद 25,349 के मुकाबले 25,658 पर खुला और जल्द ही 446 अंकों की बढ़त के साथ 25,795 के स्तर तक पहुंच गया।

आईटी और बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी

बाजार में तेजी के दौरान कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। लार्जकैप शेयरों में इंफोसिस 4.50 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 3.50 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 3.30 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.80 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 2.40 प्रतिशत, टीसीएस 2.20 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.10 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 2.05 प्रतिशत और इंडिगो 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।

मिडकैप शेयरों में पॉलिसीबाजार में 6 प्रतिशत और एमएफएसएल में 5.95 प्रतिशत की तेजी रही। वहीं, वोल्टास 2.70 प्रतिशत और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक 2.40 प्रतिशत चढ़ा। स्मॉलकैप शेयरों में ब्रिगेड एंटरप्राइजेज 5.50 प्रतिशत, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक 3.10 प्रतिशत और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस 2.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।

भारत समेत 16 देशों पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी

‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप प्रशासन एक बार फिर कई देशों पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इस बार भारत समेत 16 देशों को निशाने पर रखा गया है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ये देश सब्सिडी और अन्य सरकारी सहायता के जरिए अपने घरेलू उद्योगों को अनुचित लाभ पहुंचा रहे हैं।

Popular Articles