– बालाघाट में नागपुर की सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार, 6 फरार
नागपुर :- शांतिनगर की करोड़ों की लूट में आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए फिल्मी अंदाज में रकम ठिकाने लगाई, लेकिन उनका करोड़ों का खजाना आखिरकार भूसे के ढेर से बाहर आ गया। 17 नवंबर को तुलसीनगर में व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर 3 करोड़ 74 लाख रुपये से भरी कार लूटने वाले गिरोह का नागपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश के बालाघाट में पर्दाफाश किया है।पुलिस ने डोरली माल गांव में दिनेश डहरवाल के खेत में भूसे के नीचे छिपाई गई तीन बोरियों से 3 करोड़ 28 लाख रुपये बरामद किए हैं। मामले में चंद्रकांत बघेल और रजनीकांत चंद्रभान को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया कि शुभम डहरवाल, अजय यादव और रितेश मरस्कोल्हे ने झूम कार ऐप के जरिए कार बुक कर व्यापारी के घर की रेकी की थी। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और नकदी से भरी कार लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने बालाघाट रेलवे स्टेशन पर कार पार्क कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की थी। इस लूटकांड में शुभम डहरवाल, अजय यादव, विशाल सोनगडे और रितेश मरस्कोल्हे समेत छह आरोपी अब भी फरार हैं। वहीं, गिट्टीखदान के जगदीशनगर निवासी जुनघरे और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में है। 3.74 करोड़ की लूट में से 3.28 करोड़ बरामद हो चुके हैं, लेकिन 46 लाख रुपये अब भी रहस्य बने हुए हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों और बाकी रकम की तलाश में जुटी हैं।






