– जमानत पर अब 24 को सुनवाई
चंद्रपुर :- किडनी खरीदी-बिक्री मामले में आरोपी दिल्ली के डॉ. रवींद्रपाल सिंह के बैंक खाते में लगभग 18 करोड़ रुपए क्रेडिट-डेबिट के ट्रांजेक्शन होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को लेकर जांच पड़ताल में जुटी है। बुधवार को हाईकोर्ट में डॉ. सिंह के जमानत पर सुनवाई होनेवाली थी। दोनों पक्षों में दावे-प्रतिदावे होने के बाद अब यह सुनवाई 24 फरवरी को होनी है। तत्पूर्व अदालत ने डॉक्टर को 23 और 24 फरवरी को सुबह 10 से 12 बजे तक चंद्रपुर पुलिस के सामने पेश होने के आदेश दिए हैं। बता दें कि, डा. सिंह ने मुंबई उच्च न्यायालय के नागपुर खंडपीठ में जमानत के लिए याचिका दायर की थी। अदालत ने 11 से 17 फरवरी तक रोज चंद्रपुर पुलिस के सामने हाजिरी लगाने के लिए कहा था। एसपी कार्यालय समीप एलसीबी में डॉक्टर रोज उपस्थित होते थे। पुलिस ने हवाला से आए पैसे आदि विविध मौखिक सवाल पूछने पर डॉक्टर द्वारा कोई जवाब नहीं दिया जा रहा था। जहां पुलिस ने सवाल लिखित में दिए। डॉक्टर ने लिखित में दिए जवाबों को कोर्ट में पेश किया है। हाईकोर्ट में डॉक्टर के वकील ने कहा था कि थोटा एक्ट अंतर्गत पुलिस जांच नहीं कर सकती। सरकार द्वारा प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त करना आवश्यक है। इसके बाद एसपी ने सरकार को पत्र लिखकर प्राधिकृत अधिकारी की नियुक्ति करने की मांग की थी।




