spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पिपरी–राका रेत घाट पर माफियाराज

– रात में धड़ल्ले से रेत चोरी, अधिकारियों और रेत तस्करों की मिलीभगत का आरोप

यासीन शेख गोंदिया :- सड़क अर्जुनी तहसील क्षेत्र में रेत घाटों की संख्या काफी अधिक है। इसी का फायदा उठाकर पिपरी–राका रेत घाट से रात के समय खुलेआम ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रेत उत्खनन और चोरी की जा रही है। चोरी की गई रेत को खुले बाजार में चार से पाँच हजार रुपये प्रति ट्रॉली के भाव से बेचा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस पूरे अवैध कारोबार में संबंधित विभागों के कर्मचारी, अधिकारी और रेत तस्करों की आपसी मिलीभगत है, जिसके कारण शासन के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है।

प्रशासन की टीम के बावजूद रेत चोरी जारी

शासन के राजस्व की हानि रोकने के उद्देश्य से तलाठी मंडल और कुछ कर्मचारियों की एक टीम गठित की गई थी, ताकि अवैध रेत चोरी पर रोक लगाई जा सके। बावजूद इसके, पिपरी–राका घाट से रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों द्वारा रेत की अवैध ढुलाई लगातार जारी है। इससे यह चर्चा तेज हो गई है कि अधिकारियों की अनदेखी जानबूझकर की जा रही है, और रेत तस्करों को संरक्षण प्राप्त है।

पर्यावरण को भारी नुकसान, नागरिकों में रोष

पिपरी–राका रेत घाट परिसर में हो रही अवैध रेत चोरी से पर्यावरण का गंभीर नुकसान हो रहा है। नदी का तल गहराता जा रहा है, जिससे भविष्य में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही, भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कों को नुकसान, दुर्घटनाओं में वृद्धि, और स्थानीय नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है। रात भर चलने वाले ट्रैक्टरों की कर्कश आवाज से स्कूली छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों की नींद हराम हो चुकी है।

शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं

स्थानीय ग्रामवासियों द्वारा बार-बार राजस्व और पुलिस प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे रेत माफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं।

कड़ी कार्रवाई की मांग

नागरिकों ने मांग की है कि जिलाधिकारी स्वयं पिपरी–राका रेत घाट का निरीक्षण करें,मौके पर पंचनामा तैयार किया जाए, और दोषी अधिकारियों व रेत तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। स्थानीय जनता का कहना है कि यदि समय रहते अवैध रेत चोरी पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो इसके गंभीर परिणाम भविष्य में सामने आ सकते हैं।

Popular Articles