अमरावती :- महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) महामंडल के कर्मचारियों को दिए आश्वासन पूरे न होने से एक बार फिर हड़ताल का खतरा मंडराने लगा है। वेतन में अंतर की बकाया 43 किश्तें और माहवारी भत्ता फरवरी माह के वेतन के साथ जमा नहीं किए जाने से कर्मचारी नाराज हैं। उन्होंने तीन दिनों में यह राशि न मिलने पर मंगलवार रात 12 बजे से हड़ताल की चेतावनी दी है। एसटी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की मांग पहले ही पूरी हो चुकी है। इसके बाद पुराने और नए वेतन के अंतर की बकाया राशि वेतन के साथ जमा करने की मांग नवंबर माह में स्वीकार की गई थी। इसके तहत हर कर्मचारी को लगभग 5 हजार रुपए की बकाया राशि पिछले दो महीनों से वेतन के साथ दी जा रही थी। माहवारी भत्ता भी नियमित मिल रहा था। किंतु फरवरी माह के वेतन में ऐसा न होने से कर्मचारी नाराज हैं।








