– चंद सेकंड में छीन ली जिंदगी
नागपुर :- यशोधरा नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। टीपू सुल्तान चौक के सामने शिवाजी चौक रोड पर हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुरानी रंजिश के चलते दो आरोपियों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
चर्चा है कि प्रेम संबंध के मामले को लेकर हुए विवाद के चलते युवक की हत्या की गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, संघर्ष नगर निवासी मोहम्मद सलमान मोहम्मद अशफाक (22) मंगलवार रात करीब 10.30 बजे अपने मित्र के “टाइमपास जोन” कैफे के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान मुज्जम्मील उर्फ मुज्जू हसन अली (20) और उसका साथी साहिल मलिक (19) मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। दोनों ने पुराने विवाद को लेकर सलमान को घेर लिया और चाकूनुमा हथियार से उसकी छाती, कंधे और हाथ पर कई वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सलमान को उसके दोस्तों ने तत्काल होप अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे मेयो अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में मोहम्मद शोएब मोहम्मद शरीफ अंसारी की शिकायत पर यशोधरा नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।







